आर्य समय संवाददाता, बरेला। संस्कारधानी जबलपुर की प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय साहित्यिक संस्था ‘कादंबरी’ द्वारा आयोजित अखिल भारतीय साहित्यकार-पत्रकार सम्मान समारोह वर्ष 2026 में बरेला नगर के गौरव, ख्यातिलब्ध कवि, साहित्यकार एवं रंगकर्मी महेश ‘मानव’ को उनकी साहित्यिक कृति ‘मानव मंजरी’ के लिए सम्मानित किया गया।

जबलपुर के शहीद स्मारक सभागार, गोल बाजार में आयोजित भव्य समारोह में देशभर से आए साहित्यकारों, कवियों, लेखकों एवं पत्रकारों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ साहित्यकार आचार्य भगवत दुबे ने महेश ‘मानव’ को सम्मान पत्र, शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया।

महेश ‘मानव’ को मिला यह सम्मान उनकी वर्षों की साहित्य साधना, रचनात्मक प्रतिभा एवं साहित्य के प्रति समर्पण का गौरवपूर्ण प्रतिफल है। उनकी इस उपलब्धि से बरेला नगर सहित संपूर्ण क्षेत्र का साहित्यिक गौरव बढ़ा है। उनके सम्मानित होने पर साहित्य प्रेमियों, शुभचिंतकों एवं नगरवासियों में हर्ष का माहौल है।

समारोह में श्रीमती संगीता मानव, महेश स्थापक, स्नेहिल बैरागी, प्रेमदास रामायणी, एडवोकेट प्रवीण जैन, पत्रकार माधव शर्मा, आर्टिस्ट मुनीश जैन, कवि संतोष सरगम, विशाल सिंह, शिक्षक शुभ संदेश सिंगोर, राजा देवेंद्र उपाध्याय एवं दिनेश बागरी सहित अनेक गणमान्य जन उपस्थित रहे।

साहित्यकारों का सम्मान नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय संस्था ‘कादंबरी’ द्वारा साहित्य एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित करने की परंपरा सराहनीय है। संस्था के अध्यक्ष आचार्य भगवत दुबे के मार्गदर्शन में साहित्यिक गतिविधियों को निरंतर प्रोत्साहन मिल रहा है। ऐसे आयोजन न केवल साहित्यकारों की साधना को सम्मान देते हैं, बल्कि नई पीढ़ी को भी साहित्य, लेखन एवं रचनात्मकता के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा प्रदान करते हैं। महेश ‘मानव’ को प्राप्त इस सम्मान को बरेला के लिए एक गौरवपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।