आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। पंडित मोतीलाल नेहरू वार्ड स्थित गाजी मियां दरगाह के पास रविवार की शाम एक बड़ा हादसा हो गया। अचानक हाईटेंशन लाइन का तार टूटने से लगी भीषण आग में तीन दुकानें जलकर पूरी तरह खाक हो गईं। राहत की बात यह रही कि घटना के समय रविवार होने के कारण दुकानें बंद थीं, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और कोई जनहानि नहीं हुई।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना रविवार शाम लगभग 6 बजे की है। स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि वे शाम को दुकानें बंद कर अपने घर लौटे ही थे कि कुछ ही देर बाद गाजी मियां ग्राउंड के पास से गुजरी हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर दुकानों पर गिर गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास की तीन दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया।
लाखों की सामग्री जलकर राख
आग की चपेट में आने से फोर-व्हीलर डेंटिंग-पेंटिंग की दुकान, व्हीकल फिटिंग और खेल-खिलौने की दुकानें पूरी तरह जल गईं। डेंटिंग-पेंटिंग दुकान संचालक मोहम्मद सुल्तान ने बताया कि दुकान में रखी गाड़ियाँ, तीन नई किया कार की स्टेपनी, गन कंप्रेसर और अन्य महंगे उपकरण जलकर राख हो गए। प्रारंभिक आकलन के अनुसार हादसे में लगभग 15 लाख रुपये से अधिक के नुकसान का अनुमान जताया जा रहा है।
दमकल विभाग ने पाया काबू
घटना की सूचना तुरंत नगर निगम और अग्निशमन विभाग को दी गई। मौके पर पहुँचे 2 दमकल वाहनों ने स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पाया।
प्रशासन से मुआवजे और तार दुरुस्त करने की मांग:
क्षेत्रीय समाजसेवी मोहम्मद मुर्तजा एवं प्रभावित दुकानदारों ने बताया कि इस इलाके में लटकते हाईटेंशन तारों के कारण पहले भी हादसे हो चुके हैं। दुकानदारों का कहना है कि वे छोटा-मोटा काम करके अपने परिवार का गुजर-बसर करते हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि जर्जर हाईटेंशन तारों को तुरंत दुरुस्त किया जाए और पीड़ित दुकानदारों को आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।
Continue With Google
Comments (0)