आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। शहर के मिलिट्री डेयरी फार्म गेट (शारदा मंदिर रोड, बिलहरी) के पास बीती रात एक तेज रफ्तार लग्जरी कार ने लापरवाही की सारी हदें पार करते हुए एक स्पोर्ट्स बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। गनीमत रही कि इस भीषण हादसे में बाइक सवार की जान बाल-बाल बच गई, हालांकि उन्हें गंभीर चोटें आई हैं और उनकी महंगी बाइक पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है।
जानकारी के मुताबिक एपीआर कॉलोनी, बिलहरी निवासी युवक जो कि टेक डेवलपर में कार्यरत है ने गोराबाजार थाना पहुंच शिकायत दर्ज कराई है। जिसमें उक्त युवक ने बताया कि वह गत रात करीब 12:30 बजे वे सदर से अपनी कावासाकी निंजा मोटरसाइकिल (क्रमांक KA05KS1879) से अपने घर लौट रहे था।
वह जैसे ही वे मिलिट्री डेयरी फार्म गेट के पास पहुंचा, तभी बिलहरी की तरफ से आ रही एक सफेद रंग की किया कार (क्रमांक MP20ZA3781) के चालक ने अत्यंत तेज रफ्तार और लापरवाही दिखाते हुए गाड़ी को डिवाइडर के ऊपर से चढ़ाकर रॉन्ग साइड में लाकर उनकी बाइक में सामने से जोरदार टक्कर मार दी।
नशे में थी महिला कार चालक, मौके से हुए फरार
पीड़ित ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि टक्कर मारने वाली कार को एक लड़की चला रही थी जो पूरी तरह से शराब के नशे में धुत थी। कार में उस लड़की के अलावा एक अन्य लड़की और दो लड़के भी सवार थे। दुर्घटना के बाद आरोपी कार छोड़कर मौके से फरार हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों ने देखी घटना
इस हादसे में पीड़ित युवक मोटरसाइकिल सहित सड़क पर गिर गए। गिरने के कारण उनके बाएं हाथ की छोटी उंगली में गंभीर चोट आई है तथा बाएं हाथ की कोहनी व कमर में तेज दर्द बना हुआ है। इसके अलावा उनकी स्पोर्ट्स बाइक बुरी तरह चकनाचूर हो गई है। मौके पर मौजूद राजेश अवस्थी और प्रेमशंकर तिवारी नामक दो व्यक्तियों ने भी दुर्घटना की पुष्टि पुलिस से की है।
Continue With Google
Comments (0)