आर्य समय संवाददाता जबलपुर। थाना संजीवनी नगर में 1 दिसंबर को केशरी सेन नामक व्यक्ति की हत्या मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। मृतक केशरी की हत्या उसके साले और साले की पत्नी ने की थी। 

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मुखबिर सूचनाओ एवं सीसीटीव्ही फुटेज के आधार पर यह पाया गया कि घटना की रात्रि मृतक केशरी सेन अपने साले रवि के घर रात्रि लगभग 10 बजे गया था तथा लगभग 2 घण्टे तक केशरी सेन अपने साले के घर पर था।

रात्रि लगभग 12 बजे केशरी सेन व उसका साला रवि सेन दोनों साथ में घर से बाहर निकले। कुछ ही देर बाद रवि सेन वापस घर आया एवं तुरंत कुछ सामान अपनी जर्किन में छुपाकर ले जाता हुआ दिखाई दिया। पीछे-पीछे रवि सेन की पत्नी गायत्री सेन भी आती दिखाई दी। तभी रवि सेन ने घर से लाए हथोड़े से जीजा केशरी पर हमला कर हत्या कर दिया तथा दोनों पति-पत्नी वापस घर चले गए।

सीसीटीव्ही फुटेज के आधार पर आरोपी रवि सेन एवं गायत्री सेन को अभिरक्षा में लेते हुए पूछताछ करने पर आरोपियों ने बताया कि केसरी सेन पिछले 10-12 साल से शराब पीकर घर आता था एवं गालीगलौज कर प्रताडित करता था। घटना दिनॉक को भी शराब पीेकर घर आकर गालीगलौज कर रहा था, घर जाने को कहने पर जा नहीं रहा था। आये दिन की गालीगलौज एवं प्रताड़ना से तंग आ चुके थे।

आरोपी रवि सेन की निशादेही पर घटना के वक्त पहने हुए कपड़े, जूते एवं घटना में प्रयुक्त हथौड़ा  जप्त करते हुये  पत्नी के द्वारा घटना को छुपाने एवं घटना में सहयोग करने पर प्रकरण में धारा 238,249,3(5) बीएनएस का इजाफा किया गया एवं दोनो आरोपियो को प्रकऱण में विधिवत् गिरफ्तार कर न्यायालय पेश किया जा रहा है।  

अंधी हत्या का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने में थाना प्रभारी संजीवनी नगर बुन्देलधर द्विवेदी, उप निरीक्षक आशुतोष मिश्रा , प्रधान आरक्षक  शारदा त्रिपाठी , आरक्षक अनुज सेंगर, नीरज कौरव, नरेन्द्र परते रंजीत यादव, क्राइम ब्रांच के आरक्षक राजेश मिश्रा, मुकुल गौतम, आशुतोष बघेल की सराहनीय भूमिका रही।