ओमती पुलिस ने बताया कि उड़िया मोहल्ला निवासी संपत यादव 58 साल की घर के समीप पुराने बंद वेयर हाउस में रक्तरंजित लाश मिली है। प्राथमिक पूछताछ में परिजनों ने पुलिस को बताया कि संपत यादव वेयरहाउस में बने एक कमरे में सोते थे। गुरूवार रात भी वह घर से वेयरहाउस में बने कमरे में सोने के लिए चले गए थे। सुबह संपत की लाश वेयरहाउस परिसर में दरवाजे के पास मिली है। प्राथमिक जांच में पाया गया है कि हमलावरों ने सिर में पत्थर से हमला कर वारदात को अंजाम दिया है। पूरा घटनाक्रम देर रात का होना प्रतीत हो रहा है। पुलिस हर एंगल में मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस-
जानकारी के मुताबिक रात में वेयरहाउस परिसर के आसपास किसी का जन्मदिन सेलीब्रेट किया गया है। वेयरहाउस के गेट सहित जमीन पर केक के टुकड़े मिले है। आरोपियों तक पहुंचने के लिए वारदात स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
अनैतिक गतिविधियों का अड्डा-
ओमती सहित बेलबाग थाना की पुलिस मौके पर पहुंची तो स्थानीय लोगों ने कहा कि वेयरहाउस के आसपास 24 घंटे नशेड़ियों की गैंग सहित अनैतिक गतिविधियों में शामिल रहने वालों का जमावड़ा लगा रहता है। दर्जनों लोग यहां दिन में बैठकर गांजा और दारू पीते रहते हैं। वेयरहाउस पीडब्ल्यूडी के आधीन है, कुछ साल पहले इस वेयरहाउस को बारातघर में तब्दील करने की बात कही जा रही थी।
एएसपी सिटी आंनद कलादगी ने बताया कि पुराने वेयरहाउस में पत्थर पटकर संपत यादव नाम के व्यक्ति की हत्या की गई है। सुबह 7:30 बजे सूचना मिलने के बाद पुलिस सहित एफएसएल टीम मौके पर पहुंची है। आरोपियों की पतासाजी के लिए पुलिस की कई टीम सक्रियता से कार्य कर रही है।
Comments (0)