आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय (RDVV) में शीर्ष पद द्वारा प्रशासनिक अधिकारियों के उत्पीड़न को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। इस बार विश्वविद्यालय में पदस्थ सहायक कुलसचिव ज्योति खराड़ी ने उच्च शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव (भोपाल) को पत्र लिखकर मानसिक प्रताड़ना, अनुसूचित जनजाति (ST) श्रेणी के आधार पर दबाव बनाने, बैठक में अपमानित करने और झूठे आरोपों में फंसाने के षड्यंत्र जैसे संगीन आरोप लगाए हैं। उन्होंने अपने और परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाते हुए अन्य विश्वविद्यालय में स्थानांतरण करने का निवेदन किया है। पत्र को गंभीरता से लेते हुए उच्च शिक्षा विभाग ने कुलसचिव RDVV से जांच प्रतिवेदन मांगा है। इसके पूर्व एक महिला अधिकारी भी विश्वविद्यालय के शीर्ष पद पर गंभीर आरोप लगा चुकी है, जिसकी जांच कोर्ट के निर्देश पर एसआईटी कर रही है।

7 विभागों का बोझ और मानसिक प्रताड़ना का आरोप
18 सितंबर को लिखे गए इस पत्र में सहायक कुलसचिव ज्योति खराड़ी ने उल्लेख किया है कि विश्वविद्यालय में शासनादेश से तीन सहायक कुलसचिव पदस्थ हैं। अन्य दो सहायक कुलसचिवों (सुश्री मीनल गुप्ता को 3 विभाग और श्री हितेश कोडापे व अन्य प्रभारियों को 1-1 विभाग) की तुलना में उन्हें अकेले कुल 7 महत्वपूर्ण विभागों (गोपनीय, अकादमिक, भंडार, मुद्रणालय, अतिथि गृह, वाहन प्रभारी और सीएम हेल्पलाइन एल-1) का कार्य आवंटित किया गया है।   

बैठक में अपमान और झूठी जांच में फंसाने की धमकी
पत्र में खराड़ी ने स्पष्ट रूप से आरोप लगाया है कि "ऐसा प्रतीत हो रहा है कि मैं अनुसूचित जनजाति श्रेणी का हूं, इसलिए मुझसे अनुचित कार्य कराने का भी दबाव बनाया जाता है। " उन्होंने घटनाओं का सिलसिलेवार जिक्र करते हुए लिखा है: 1 सितंबर 2026 को विद्यापरिषद की बैठक में सभी उपस्थित सदस्यों के समक्ष भंडार विभाग की एक फाइल पर की गई टीप को लेकर अप्रत्यक्ष रूप से अनुचित शब्दों का प्रयोग कर उन्हें अपमानित किया गया।

इसी तरह 10 सितंबर को अनुचित कार्य करने से इनकार करने पर अधिकारियों व कर्मचारियों के सामने राजभवन (लोकभवन) और उच्च शिक्षा विभाग में षड्यंत्रपूर्वक झूठी शिकायत करने, राजनीतिक रंगदारी दिखाकर दबाव बनाने और छात्र संगठनों के समक्ष अपमानित करने की धमकी दी गई। उन्होंने यह भी आशंका जताई है कि कुछ विशेष कर्मचारियों के माध्यम से उन पर झूठे आरोप लगाने और झूठी जांच में फंसाने का षड्यंत्र रचा जा रहा है, जिससे वे और उनका परिवार गहरे मानसिक आघात और भय के माहौल में हैं।   

उज्जैन, इंदौर या महू तबादले की मांग
ज्योति खराड़ी ने मूल रूप से रतलाम का निवासी होने और माता-पिता के वहीं रहने का हवाला देते हुए शासन से निवेदन किया है कि जब तक वे जबलपुर में हैं, उन्हें और उनके परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए। इसके साथ ही उनका स्थानांतरण सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय (उज्जैन), देवी अहिल्याबाई विश्वविद्यालय (इंदौर) या डॉ. बी.आर. अम्बेडकर सामाजिक विज्ञान विश्वविद्यालय (महू) में किया जाए। इस पत्र की प्रतिलिपि राज्यपाल के सचिव (भोपाल), राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग (नई दिल्ली) और राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग (भोपाल) को भी भेजी गई है।   

पहले भी सामने आ चुका है ऐसा ही मामला
गौरतलब है कि रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में उच्च स्तर पर दबाव और गंभीर आरोपों के चलते तबादला मांगने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पूर्व विश्वविद्यालय के तत्कालीन कुलसचिव डॉ. रविशंकर सोनवाल ने भी विश्वविद्यालय के शीर्ष पद पर गंभीर आरोप लगाते हुए शासन को पत्र लिखकर अपना तबादला मांगा था, जिसके बाद शासन द्वारा उन्हें स्थानांतरित कर दिया गया था। अब एक और अधिकारी द्वारा लगाए गए इन संगीन आरोपों से विश्वविद्यालय प्रशासन की कार्यशैली फिर से चर्चाओं के केंद्र में आ गई है।