आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। शहर में बिजली चोरी करने वालों और लंबे समय से बिल जमा न करने वाले बकायादारों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। न्यायालय द्वारा जारी स्थायी वारंटों की तामीली के लिए शनिवार शाम 6 बजे से जबलपुर पुलिस और विद्युत विभाग की संयुक्त टीमों ने शहर भर में एक विशेष धरपकड़ अभियान शुरू किया। देर रात खबर लिखे जाने तक इस कार्रवाई में 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
क्या है पूरा मामला-
विद्युत विभाग द्वारा ऐसे उपभोक्ताओं को चिह्नित किया गया था, जो बिजली चोरी में लिप्त पाए गए थे या बार-बार नोटिस और समझाइश के बावजूद बकाया बिलों का भुगतान नहीं कर रहे थे। विभाग ने इन डिफॉल्टरों के खिलाफ नियमानुसार प्रकरण तैयार कर अदालत में पेश किए थे।
न्यायालय से समन और वारंट जारी होने के बाद भी जब ये आरोपी न तो कोर्ट में पेश हुए और न ही बकाया राशि जमा की, तो अदालत ने इनके खिलाफ स्थायी वारंट जारी कर दिए। इन्हीं वारंटों की तामीली के लिए यह संयुक्त अभियान चलाया गया है।
शहर के 17 प्रमुख थाना क्षेत्रों में एक साथ दबिश
शाम 6 बजे शुरू हुए इस अभियान में पुलिस बल और बिजली विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों की अलग-अलग टीमें मैदान में उतरीं। कार्रवाई के दायरे में शहर के लगभग सभी प्रमुख इलाकों को शामिल किया गया है। जिनमें प्रमुख रूप से मध्य व पश्चिम क्षेत्र: कोतवाली, लॉर्डगंज, मदनमहल, ओमती, बेलबाग, सिविल लाइन्स, गोरखपुर, गढ़ा और ग्वारीघाट। वहीं पूर्व व उत्तर क्षेत्र: गोहलपुर, हनुमानताल, अधारताल, माढ़ोताल और घमापुर इसके अलावा कैंट व उपनगरीय क्षेत्र रांझी और खमरिया थाना क्षेत्र शामिल हैं।
आगे भी जारी रहेगी सख्ती
विद्युत विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इस मुहिम का मुख्य उद्देश्य बिजली चोरी पर प्रभावी अंकुश लगाना, लंबे समय से अटके राजस्व की वसूली करना और न्यायालयीन आदेशों का पालन सुनिश्चित करना है। विभाग ने चेतावनी दी है कि बकायादारों और बिजली चोरों के खिलाफ इस तरह की वैधानिक कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।पुलिस और बिजली विभाग की इस अचानक हुई संयुक्त दबिश से शहर के बकायादारों और अवैध रूप से बिजली उपयोग करने वालों में हड़कंप मच गया है।
Continue With Google
Comments (0)