आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। सेंट अलॉयसियस विद्यालय, गौर में शनिवार (28 नवंबर) को विद्यालय का 10वां वार्षिक खेल दिवस ‘गौरव’ थीम — ‘गौरव के साथ आगे बढ़ें, सीमाओं से परे अपनी पहचान बनाएं’ — के साथ बड़े उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा और क्षमताओं का उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जबलपुर के महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’ और विशिष्ट अतिथि नगर निगम जबलपुर के अध्यक्ष रिंकू विज रहे।

वहीं, कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जबलपुर धर्मप्रांत के धर्माध्यक्ष रेव. डॉ. जेराल्ड अल्मेडा और प्रबंधक रेव. फादर एल्विस जॉर्ज का विद्यालय के प्रधानाचार्य रेव. फादर एल. अरोकिया राजा ने पुष्पगुच्छ व स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया। संत अलॉयसियस के सम्मान में प्रार्थना गीत, दीप प्रज्वलन, विद्यालय ध्वजारोहण और खिलाड़ियों की शपथ के साथ समारोह का शुभारंभ हुआ, जबकि उद्घाटन नृत्य और ‘रेनेसियो द वेचुन’ के आगमन ने विशेष आकर्षण पैदा किया।   

कार्यक्रम को आगे बढ़ाते हुए कक्षा चौथी और पांचवीं के विद्यार्थियों ने ‘एक साथ आगे बढ़ें, इस विषय को सार्थक करते हुए’ पी.टी. प्रस्तुत की, जिसके बाद नन्हे बच्चों ने ‘ग्रेसफुल पेंगुइन’ की तरह छोटे-छोटे कदमों से चलकर सभी का ध्यान खींचा। विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए मनोरंजक खेल प्रतियोगिताओं के साथ-साथ 100 मीटर, 200 मीटर दौड़, बाधा दौड़ और सामूहिक दौड़ आयोजित हुईं।

कक्षा पहली से तीसरी तक के विद्यार्थियों ने ‘जमीने प्रदेश में पेंगुइन की अठखेलियां’ और छठी से आठवीं तक के विद्यार्थियों ने ‘रेनेसियो योद्धा’ विषय पर शानदार पी.टी. प्रस्तुत की, साथ ही जिमनास्टिक, संगीतमय बैंड और एनसीसी कैडेट्स के कदमताल ने दर्शकों का मन मोह लिया। वर्तमान विद्यार्थियों के साथ पूर्व छात्रों और अभिभावकों के बीच हुई सामूहिक दौड़ भी खास आकर्षण रही, जबकि समापन से पहले कक्षा नौवीं व दसवीं के विद्यार्थियों ने मसाल के साथ आकर्षक पी.टी. प्रदर्शन किया।   

मुख्य अतिथि महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’ ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रमाण पत्र व पदक प्रदान कर सम्मानित किया और वर्ष के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी को ‘तिवारी’ के सौजन्य से साइकिल भेंट की गई। अपने संबोधन में महापौर ने कहा कि खेलों से विद्यार्थियों का शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और सर्वांगीण विकास होता है तथा इनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सहयोग की भावना विकसित होती है। विशिष्ट अतिथि रिंकू विज और अध्यक्ष रेव. फादर एल्विस जॉर्ज ने भी अपने प्रेरणादायी संदेशों से विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेलों में उत्कृष्टता पाने के लिए प्रेरित किया। अंत में प्रधानाचार्य रेव. फादर एल. अरोकिया राजा ने अतिथियों, अभिभावकों, विद्यार्थियों, खेल समिति की सचिव श्रीमती शिखा कोजी, खेल शिक्षक अतुल पटेल और समस्त शिक्षकों के योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया। मुख्य अतिथि द्वारा विद्यालय ध्वज उतारने और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का विधिवत समापन हुआ।