आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। एकाउंटिंग डेटा में कूटरचना और फर्जी जीएसटी (GST) बिलिंग के जरिए 8.68 करोड़ रुपये (लगभग 8.5 करोड़ रुपये) की बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। अवैध रूप से इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) का लाभ उठाने और फर्जी टर्नओवर दिखाने के इस मामले में आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) की जबलपुर इकाई ने एकाउंटेंट और सह-आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
ईओडब्ल्यू (EOW) जबलपुर इकाई के उप पुलिस अधीक्षक स्वर्णजीत सिंह धामी द्वारा की गई जांच और स्टेट टैक्स (जीएसटी) विभाग से प्राप्त प्रतिवेदन के परीक्षण में यह गड़बड़ी उजागर हुई। शिकायतकर्ता दीपांशू दीक्षित (प्रोपराइटर – महादेव फार्मा, शास्त्री ब्रिज, जबलपुर) एवं अन्य आवेदकों के साथ मार्च 2022 से दिसंबर 2025 के बीच यह हेराफेरी की गई।
जांच में सामने आए आरोपियों में मेसर्स यूनिक ट्रेड एंड कंपनी के प्रोपराइटर आशीष कोटवानी (पिता अशोक कोटवानी, एकाउंटेंट, निवासी एकता चौक, विजय नगर, जबलपुर), निखिल एंटरप्राइजेज के प्रोपराइटर निखिल कोटवानी (पिता अशोक कोटवानी, विजय नगर, जबलपुर), मधुश्री मेटल के प्रोपराइटर अशोक कोटवानी (पिता चैईथराम कोटवानी), महाकाल मेटल की प्रोपराइटर श्रीमती जसमीत कोटवानी (पत्नी आशीष कोटवानी, निवासी एकता चौक, विजय नगर, जबलपुर) और एकाउंटेंट योगेश साहू (निवासी 337, संजय गांधी नगर, सदर बाजार, जबलपुर) सहित अन्य शामिल हैं।
ईओडब्ल्यू की जांच के अनुसार, आरोपियों ने पहले आवेदकों का विश्वास जीता। इसके बाद कंप्यूटरों पर स्क्रीन-शेयरिंग सॉफ्टवेयर के जरिए MARG एकाउंटिंग सॉफ्टवेयर का डेटा अनधिकृत रूप से अपने सिस्टम में लिया। जीएसटी रिटर्न फाइल करने के नाम पर आवेदकों के मोबाइल नंबरों पर आने वाले ओटीपी (OTP) भी हासिल किए गए।
आरोपियों ने आपराधिक षड्यंत्र रचकर बिना किसी वास्तविक माल की खरीदी-बिक्री या व्यावसायिक लेनदेन के, फर्मों के बिलों और इलेक्ट्रॉनिक डेटा में फेरबदल किया। इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) के आंकड़ों और फर्जी टर्नओवर को आरोपियों ने अपनी व परिजनों के स्वामित्व वाली फर्मों में फर्जी तरीके से हस्तांतरित कर अवैध आर्थिक लाभ अर्जित किया और आवेदकों को कुल ₹8,68,30,286/- की आर्थिक क्षति पहुंचाई।
जांच के बाद थाना आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ, भोपाल इकाई जबलपुर ने 27 नवंबर 2026 को अपराध क्रमांक 119, 120, 121, 122, 123, 124, 125, 126/2026 (कुल 8 प्रकरण) दर्ज किए हैं। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 316(2) (आपराधिक न्यासभंग), 318(4) (धोखाधड़ी), 336(3) (कूट-रचना), 338 (मूल्यवान प्रतिभूति की कूट-रचना), 340(2) (कूटरचित इलेक्ट्रॉनिक अभिलेख का उपयोग) एवं 61(2) (आपराधिक षड्यंत्र) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
Continue With Google
Comments (0)