आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। शहर के अतिसंवेदनशील रक्षा संस्थान वाहन निर्माणी जबलपुर (वीएफजे) परिसर में शनिवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब टेस्टिंग ग्राउंड में अचानक एक तेज धमाका हुआ। इस घटना में वहां कार्य कर रहे एक निजी ठेका फर्म के कर्मचारी के हाथ में गंभीर चोट आई है। घायल श्रमिक को तत्काल उपचार के लिए वीएफजे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मुरम भराई के दौरान हुआ विस्फोट
मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 12 बजे वीएफजे के टेस्टिंग ग्राउंड में गड्ढों को भरने का कार्य चल रहा था। ठेका श्रमिक अमझर क्षेत्र से लाई गई मुरम (मिट्टी) को गड्ढों में डाल रहे थे। इसी दौरान मुरम में अचानक जोरदार धमाका हो गया। शुरुआती आशंका जताई जा रही है कि बाहर से लाई गई मुरम के साथ कोई संदिग्ध विस्फोटक पदार्थ आ गया था, जिसके फटने से यह हादसा हुआ।

सुरक्षा पर उठे सवाल, जांच में जुटा प्रबंधन
अतिसुरक्षित रक्षा क्षेत्र के भीतर हुए इस विस्फोट ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। धमाके की सूचना मिलते ही निर्माणी के आला अधिकारी और सुरक्षा अमला तत्काल मौके पर पहुंच गया। विस्फोटक की प्रकृति और वह परिसर के भीतर कैसे पहुंचा, इसकी गहन जांच के लिए मौके पर डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया है। वीएफजे प्रबंधन पूरे मामले की बारीकी से पड़ताल कर रहा है।