आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। नैमिषारण्य स्थित हनुमान गढ़ी में बनारस से पधारे प्रख्यात कथावाचक पंडित  प्रमेश मिश्रा के मुखारविंद से संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा का दिव्य आयोजन किया जा रहा है। इस पावन अवसर पर जबलपुर के कजरवारा, पाटन, बरेला, बरगी, धनवंतरी नगर और स्नेह नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर कथा का रसपान कर रहे हैं।

धूमधाम से मना श्रीकृष्ण जन्मोत्सव
कथा के दौरान जैसे ही प्रभु श्रीकृष्ण के जन्म का प्रसंग आया, पूरा पंडाल 'नंद के आनंद भयो' के जयकारों से गूंज उठा। भक्तों ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर जमकर नृत्य किया और पुष्पवर्षा कर भगवान का भव्य स्वागत व अगवानी की। महराज कथा का सार समझाते हुए पंडित प्रमेश मिश्र ने जीवन के गूढ़ रहस्यों पर प्रकाश डाला। 

उन्होंने कहा कि "माया जीव को बंधन में डालती है और संसार उसे बाँधता है, जबकि परमात्मा की भक्ति ही इन सांसारिक बंधनों से मुक्त कर कल्याण का मार्ग प्रशस्त करती है। जीव संसार में रहे, लेकिन संसार को ही अपना सर्वस्व न माने, क्योंकि ईश्वर ही जीव का सच्चा हितैषी है।"

वसुदेव जी के चरित्र को सत्य और निष्ठा की मूर्ति बताते हुए उन्होंने कहा कि शक्ति का मूल साधना है और निरंतर साधना से ही आंतरिक शक्ति प्रबल होती है। उन्होंने युवाओं और श्रद्धालुओं को संदेश दिया कि मृत्यु एक अटल सत्य है। यदि जीवन में कभी विपरीत परिस्थिति बने, तो आवेश में आने के बजाय उस विचार को कल पर टाल देना चाहिए। संसार को जीतने वाले से बड़ा वीर वह है, जो स्वयं (अपनी इंद्रियों) पर नियंत्रण रखता है।

भक्त ध्रुव और राजा पृथु के प्रसंगों का वर्णन
भक्ति मार्ग की महिमा बताते हुए महराज श्री ने कहा कि बालक ध्रुव ने अपनी तपस्या के बल पर भगवान से कोई सांसारिक सुख नहीं मांगा, बल्कि स्वयं परमात्मा को ही मांग लिया। इसके साथ ही उन्होंने नारद जी को प्रभु का संकल्प बताया और राजा पृथु के महान चरित्र का वर्णन करते हुए बताया कि उन्हीं के नाम पर इस धरा का नाम 'पृथ्वी' पड़ा। उन्होंने यह भी कहा कि जब शिष्य या जीव की कीर्ति बढ़ती है, तो सबसे अधिक प्रसन्नता उसके गुरु को होती है।

धर्म लाभ लेने की अपील
कथा आयोजकों ने सभी धर्मप्रेमी बंधुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर पुण्य लाभ अर्जित करने का आग्रह किया है। आयोजन को सफल बनाने में जगदीश यादव, माया यादव, अटल सुमन उपाध्याय, कमल प्रीति उपाध्याय, अमित चौबे, राजकुमार ठाकुर, सीताराम यादव, बीरेंद्र यादव, तेजराम, अशोक यादव, पंचम यादव, बारेलाल पटेल, विश्वकर्मा, परमलाल यादव, अशोक नंदा, नरोत्तम दास, परवेश विश्वकर्मा और राघवेंद्र यादव सहित सभी भक्तगण सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।