आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित हवालात में निरुद्ध आरोपी दयाशंकर पांडे की आज सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने और असामान्य व्यवहार के बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी को बिल्डर को ब्लैकमेल और एक्सटॉर्शन करने से जुड़े मामले में गिरफ्तार किया गया था।

सीएसपी ओमती सोनू कुर्मी ने जानकारी देते हुए बताया कि नयागांव निवासी बिल्डर महेश केमतानी की शिकायत पर आरोपी दयाशंकर पांडे (निवासी साईं मंदिर, सिविल लाइन) को कल गिरफ्तार किया गया था। शिकायत में आरोप है कि दयाशंकर पांडे ने शुभ मोटर्स एजेंसी से संबंधित मामलों को लेकर शासकीय व अशासकीय कार्यालयों में भ्रामक और झूठी शिकायतें कीं, उच्च न्यायालय में याचिकाएं दायर कीं और इसके आधार पर पैसे की मांग कर ब्लैकमेल व एक्सटॉर्शन का प्रयास किया।

पुलिस के मुताबिक, इस मामले की जांच नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) कोतवाली द्वारा की गई थी। घटनास्थल सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने के कारण सिविल लाइन थाने में एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई।

सुबह करीब 6 बजे असामान्य व्यवहार
सीएसपी सोनू कुर्मी ने बताया कि आज तड़के सुबह लगभग 6 बजे हवालात में आरोपी दयाशंकर पांडे असामान्य व्यवहार करने लगा और उसकी तबीयत बिगड़ गई। स्थिति को देखते हुए उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे भर्ती कराया गया है।

निगरानी में आरोपी, अतिरिक्त जांचें जारी
अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक जांच की गई, जिसकी रिपोर्ट सामान्य आई है। हालांकि, एहतियात के तौर पर डॉक्टरों ने आरोपी को निगरानी में रखा है और अतिरिक्त जांचें कराई जा रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि अतिरिक्त जांचों की रिपोर्ट आने के बाद ही चिकित्सकों के परामर्श के आधार पर आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

पहले भी सुर्खियों में रहा है नाम
पुलिस अधिकारियों ने पुष्टि की है कि यह वही दयाशंकर पांडे है, जो पूर्व में एक मामले में माननीय उच्च न्यायालय में उपस्थित हुआ था। पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।