आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। जबलपुर जिले के पाटन थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां ग्राम ननवारा स्थित बिजली सब स्टेशन में नाइट ड्यूटी पर तैनात एक आउटसोर्स कर्मचारी की अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
नाइट ड्यूटी के दौरान सब स्टेशन पर हुआ हमला
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान गजेंद्र सिंह के रूप में हुई है, जो मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी (MPEB) में सब स्टेशन ऑपरेटर (आउटसोर्स कर्मचारी) के पद पर कार्यरत था। घटना शुक्रवार रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है। जबलपुर मुख्यालय से लगभग 38 किलोमीटर दूर स्थित ननवारा सब स्टेशन में गजेंद्र अपनी नाइट ड्यूटी कर रहा था, तभी अज्ञात बदमाशों ने वहां पहुंचकर उस पर धारदार हथियार से कई ताबड़तोड़ वार कर दिए।
अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
हमले में गजेंद्र सिंह गंभीर रूप से लहूलुहान होकर गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पाटन थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल ऑपरेटर को आनन-फानन में इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल भिजवाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुरानी रंजिश समेत सभी पहलुओं पर जांच जारी
कर्मचारी की मौत के बाद पाटन पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। हत्या के पीछे पुरानी रंजिश है या कोई अन्य कारण, इस गुत्थी को सुलझाने के लिए पुलिस मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।
Continue With Google
Comments (0)