आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। संजीवनी नगर थाना पुलिस ने इलाके में लगातार हो रही चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाते हुए 8 बड़ी नकबजनियों का खुलासा किया है। पुलिस ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किए गए करीब 20 लाख रुपये कीमती सोने-चांदी के जेवर बरामद किए हैं। आरोपी मूल रूप से दमोह का रहने वाला है और वर्तमान में जबलपुर के अमखेरा में रहकर वारदातों को अंजाम दे रहा था।
मुखबिर की सूचना पर अमखेरा में दबिश
पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के निर्देश पर संपत्ति संबंधी अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। एएसपी जोन-2 पल्लवी शुक्ला और सीएसपी गोरखपुर एमडी नागोतिया के मार्गदर्शन में संजीवनी नगर पुलिस की टीम ने लगातार हो रही चोरियों के सुराग जुटाने के लिए घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
विश्वसनीय मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गोहलपुर थाना क्षेत्र के सुशीला परिसर, अमखेरा में दबिश दी और 32 वर्षीय राकेश विश्वकर्मा (पिता नन्नूलाल विश्वकर्मा, निवासी सिविल वार्ड नंबर-7, कोतवाली दमोह) को हिरासत में लिया। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने संजीवनी नगर क्षेत्र के 8 घरों में चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर कमरे में एक बैग के अंदर छिपाकर रखे गए करीब 20 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण जब्त किए हैं।
जुलाई से नवंबर के बीच सूने घरों को बनाया निशाना
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने जुलाई 2026 से नवंबर 2026 के बीच धनवंतरी नगर, गंगानगर और गुजराती कॉलोनी जैसे इलाकों में उन घरों को निशाना बनाया, जिनके मालिक परिवार सहित बाहर गए हुए थे।
प्रमुख वारदातें जिनका हुआ खुलासा:
धनवंतरी नगर (एमआईजी): 12 अगस्त को सपना तिवारी के सूने घर का ताला तोड़कर चोरों ने करीब 20-25 तोला सोने के हार, मंगलसूत्र, कंगन, अंगूठियां, डेढ़ से दो किलो चांदी के बर्तन-जेवर और 25 हजार रुपये नकद पार कर दिए थे।
धनवंतरी नगर (दिवाली पर चोरी): 7-8 नवंबर की दरम्यानी रात कृषि विस्तार अधिकारी हरीश बर्वे जब परिवार के साथ बालाघाट गए थे, तब आरोपी ने घर के ताले तोड़कर 1 लाख 34 हजार 480 रुपये नकद, सोने के जेवर और चांदी के 68 सिक्के चुरा लिए थे।
नवनिवेश कॉलोनी, गंगानगर: 28 अगस्त से 1 सितंबर के बीच अजितेश तिवारी के उज्जैन दर्शन पर जाने के दौरान दीवान और गुल्लक तोड़कर 1 लाख रुपये नकद और लाखों के जेवर चोरी किए थे।
जेएम एन्क्लेव, धनवंतरी नगर: 31 जुलाई से 3 अगस्त के बीच रामदयाल रजक के भोपाल जाने पर घर से 50 ग्राम सोने के जेवर, चांदी की पायल और 45 हजार रुपये नकद उड़ाए थे।
अन्य वारदातें: इसके अलावा आरोपी ने धनवंतरी नगर में शुभम शुक्ला, सजी जॉर्ज, प्रवेशलता महलोनिया और गुजराती कॉलोनी में जितेंद्र कुमार नामदेव के सूने घरों से भी नकदी व सोने-चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ किया था।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस पूरे मामले का पर्दाफाश करने और माल बरामदगी में संजीवनी नगर थाना प्रभारी बी.डी. द्विवेदी, उप निरीक्षक दुर्गेश मरावी, सउनि अजय झारिया, हृदयनारायण पाण्डेय, अनिल सिंह परिहार, प्रधान आरक्षक दिलीप पाठक, राजेश तिवारी, आरक्षक पुष्पराज जाट, नितिन कनौजिया, अमरेंद्र कुमार, वात्सल्य और गोरखपुर जोन साइबर सेल के आरक्षक अरविंद की मुख्य भूमिका रही।
Continue With Google
Comments (0)