आर्य समय संवाददाता ,बरेला। नगर में लगातार बढ़ रही चोरी एवं आपराधिक घटनाओं को लेकर बरेला व्यापारी संघ ने चिंता जाहिर करते हुए पुलिस प्रशासन का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकर्षित कराया। व्यापारी संघ के अध्यक्ष एडवोकेट मुकेश साहू के नेतृत्व में संघ के संरक्षकगण, पदाधिकारियों एवं व्यापारियों ने डीएसपी निकिता सिंह को ज्ञापन सौंपकर नगर में बढ़ती चोरी एवं आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की।

ज्ञापन सौंपने के उपरांत व्यापारी संघ के प्रतिनिधिमंडल ने डीएसपी के साथ नगर की सुरक्षा व्यवस्था एवं व्यापारियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर सार्थक चर्चा की। इस दौरान व्यापारियों ने नगर में शांति एवं सुरक्षा का वातावरण बनाए रखने, चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने तथा पुलिस गश्त को प्रभावी बनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपनी बात रखी।

इस अवसर पर व्यापारी संघ के अध्यक्ष एडवोकेट मुकेश साहू सहित अरविंद तिवारी, कैलाश केशरवानी, अजय पटेल, रजनीश जैन, मुकेश जैन, योगेश दुबे, बावी जैन, रूबी चौकसे, मोंटी साहू, शिवम गुप्ता सहित अनेक व्यापारीगण उपस्थित रहे।

व्यापारी संघ ने उम्मीद जताई कि पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, जिससे नगर में सुरक्षा व्यवस्था बेहतर हो सके और व्यापारी एवं आम नागरिक भयमुक्त वातावरण में अपना जीवन एवं व्यवसाय संचालित कर सकें।