आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। शहर के व्यस्ततम बल्देवबाग से दमोह नाका मुख्य मार्ग पर शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। चेरीताल शराब दुकान के सामने तेज रफ्तार लोडिंग वाहन (छोटा हाथी) के चालक द्वारा अचानक ब्रेक लगाने से उसमें लदी लोहे की रॉड और पाइप को बांधने वाली रस्सी टूट गई। झटके के कारण लोहे की भारी रॉड/पाइप उछलकर आगे चल रही स्कूल वैन का पिछला कांच तोड़ते हुए अंदर जा घुसी। इस हादसे में वैन में सवार एक छात्रा घायल हो गई, जबकि अन्य 8-9 बच्चे बाल-बाल बच गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी और बच्चों में दहशत का माहौल बन गया।
अचानक ब्रेक लगाने से टूटी रस्सी, वैन के अंदर घुसे पाइप
जानकारी के अनुसार, छोटा हाथी वाहन (क्रमांक MP 20 ZY 3422) में करीब 20 से 40 फीट लंबे लोहे के पाइप, रॉड और निर्माण सामग्री लदी हुई थी, जिसे रस्सी के सहारे बांधा गया था। शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे जब वाहन चेरीताल शराब दुकान के सामने पहुंचा, तभी चालक ने तेज रफ्तार में अचानक ब्रेक लगा दिए। तेज झटके के कारण सामान बांधने वाली रस्सी टूट गई और भारी लोहे की पाइप अनियंत्रित होकर आगे की ओर उछले और सीधे आगे चल रही स्कूल वैन का कांच तोड़ते हुए अंदर जा लगे।
वैन चालक ने बताई आंखों देखी
हादसे के बाद स्कूल वैन के चालक सुनील शर्मा ने बताया कि वह तैयाबली पेट्रोल पंप के आगे स्थित 'क्राइस्ट चर्च स्कूल' के 8-9 बच्चों को लेकर दमोह नाका से पंजाब बैंक कॉलोनी की ओर सामान्य गति (करीब 30 की स्पीड) से जा रहे थे। तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे लोडिंग वाहन के चालक ने अचानक ब्रेक मार दिए। ब्रेक लगते ही वाहन में लदे 20-40 फीट लंबे पाइप आगे की ओर सरक कर उनकी वैन का कांच तोड़ते हुए अंदर आ घुसे। उन्होंने बताया कि पीछे चल रहे वाहन चालक की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ, क्योंकि इतने लंबे पाइप लेकर चलने के बावजूद उसने सुरक्षित दूरी और रफ्तार का ध्यान नहीं रखा।
घायल छात्रा को परिजन ले गए अस्पताल
हादसे की चपेट में आने से वैन में सवार एक छात्रा को चोट आई है। वैन चालक सुनील शर्मा के अनुसार, घटना के तुरंत बाद घायल बच्चे के माता-पिता को फोन कर सूचना दी गई, जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और बच्ची को उपचार के लिए अस्पताल ले गए। वैन में सवार बाकी सभी बच्चे सुरक्षित हैं, हालांकि अचानक हुई इस घटना से बच्चे काफी सहम गए थे।
पुलिस कर रही जांच
घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने मदद के लिए हाथ बढ़ाया और लोडिंग वाहन के चालक को मौके पर ही पकड़ लिया। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा, यातायात व्यवस्था को सुचारू कराया और आरोपी चालक को अभिरक्षा में ले लिया। पुलिस ने लोडिंग वाहन (MP 20 ZY 3422) को जब्त कर दुर्घटना के कारणों और वाहन में खतरनाक तरीके से लदे सामान की सुरक्षा व्यवस्था की जांच शुरू कर दी है।
Continue With Google
Comments (0)