आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। विजयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत एसबीआई चौक के पास गुरुवार दोपहर दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने एक महिला व्यापारी के गले से मंगलसूत्र लूट लिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़िता की शिकायत पर विजयनगर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्रीन सिटी निवासी ज्योति चिंचोलकर व्यवसाय करती हैं। गुरुवार दोपहर करीब 1:45 बजे वह अपनी मोपेड (एक्सेस) पर सवार होकर पोस्ट ऑफिस में कलेक्शन जमा करने जा रही थीं। जैसे ही वह एसबीआई चौक से आगे बढ़कर वत्सला पैराडाइज के पहले स्थित थायरोकेयर वाली गली में पहुंचीं, तभी सामने से पल्सर बाइक पर सवार दो युवक वहां आ धमके।

पीड़िता के मुताबिक, बाइक चला रहे युवक ने हेलमेट पहना हुआ था, जबकि पीछे बैठे युवक ने कपड़े से अपना चेहरा ढंक रखा था। दोनों बदमाशों ने गाड़ी को महिला के करीब सटाया और उन्हें डरा-धमकाकर गले से मंगलसूत्र झपट लिया। छीना-झपटी के दौरान मंगलसूत्र टूट गया, जिससे उसका पिछला हिस्सा महिला के गले में ही रह गया, जबकि दो कटोरी वाला लॉकेट और आधी सोने की चेन लुटेरे अपने साथ ले गए।

घटना से घबराई महिला ने तत्काल विजयनगर थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ लूट का प्रकरण दर्ज कर लिया है और क्षेत्र की नाकाबंदी कर संदिग्धों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।