आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। आयुध निर्माणी खमरिया (ओएफके) में शनिवार सुबह कार्य के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। निर्माणी के ए-4 सेक्शन में प्रेस मशीन पर काम कर रहे कर्मचारी तेजभान का हाथ मशीन की चपेट में आ गया, जिससे उनके हाथ की एक अंगुली कट गई। हादसे के बाद घायल कर्मचारी को आनन-फानन में शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

त्योहार की छुट्टियों के बीच 'ऑफ-बेस' पर चल रहा था काम
निर्माणी से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, त्योहारों के सीजन के चलते इन दिनों अधिकांश कर्मचारियों की छुट्टियां चल रही हैं। उत्पादन कार्य प्रभावित न हो, इसके लिए प्रबंधन द्वारा कर्मचारियों से 'आॅफ-बेस' व्यवस्था के तहत काम लिया जा रहा है। इस व्यवस्था में कर्मचारी छुट्टी के दिन काम करते हैं और बाद में अपना अवकाश समायोजित यानी एडजस्ट कर सकते हैं।

डिस्पेंसरी बंद होने से बढ़ी मुश्किलें
हादसे के बाद निर्माणी प्रबंधन की कार्यप्रणाली और सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सूत्रों की मानें तो शनिवार को कर्मचारियों को काम पर तो बुला लिया गया, लेकिन प्राथमिक उपचार के लिए डिस्पेंसरी स्टाफ की ड्यूटी नहीं लगाई गई थी। इस वजह से निर्माणी की डिस्पेंसरी पूरी तरह बंद थी। हादसे के तुरंत बाद जब घायल कर्मचारी को प्राथमिक इलाज की सबसे ज्यादा जरूरत थी, तब डिस्पेंसरी बंद होने के कारण उन्हें तत्काल चिकित्सा सहायता नहीं मिल सकी। उसे पहले ओएफके अस्पताल और बाहर निजी अस्पताल ले जाना पड़ा। कर्मचारी संगठनों और सहकर्मियों के बीच इस घटना को प्रबंधन की बड़ी लापरवाही माना जा रहा है।