आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। साउथ मिलौनीगंज स्थित खानकाह-ए-क़ासमिया में शाहे जबलपुर हज़रत अल्लामा मौलाना मुफ़्ती-ए-आज़म कासिम-ए-नेमत अलैहिर्रहमा का सालाना उर्स मुबारक दो दिवसीय विभिन्न धार्मिक व शैक्षणिक आयोजनों के साथ कल यानी 18 नवंबर (बुधवार) से आरंभ होने जा रहा है।
इस दो दिवसीय आयोजन की सरपरस्ती व अध्यक्षता ख़लीफ़ा व जानशीन-ए-हुज़ूर कासिम-ए-इल्म-ओ-हिक़मत पीरे तरीक़त हज़रत अल्लामा मौलाना मुफ़्ती मोहम्मद इम्तियाज़ुल कादरी कासमी (मुफ़्ती-ए-आज़म व क़ाज़ी-ए-शरा, जिला जबलपुर) फरमाएंगे। वहीं, कार्यक्रम की ज़ेरे हिमायत मौलवी हकीम अल्हाज इसरार हुसैन जिलानी (इंचार्ज, दारुल उलूम गौसिया रज़विया क़ासमियां) की होगी।
खानकाह-ए-क़ासमिया के मीडिया प्रभारी सुल्तानुज़्ज़मा क़ादरी रज़वी कासमी ने जानकारी देते हुए बताया कि उर्स के पहले दिन 18 नवंबर (बुधवार) को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक महिलाओं के लिए विशेष वाज़-ओ-तकरीर और नात-ओ-मनक़बत की महफिल सजेगी। इसमें मुख्य वक्ता के रूप में आलिमा-फाज़िला मुफ्तीया मोहम्मदी राहिला फातेमा साहिबा व आलिमा-फाज़िला शमा फातेमा साहिबा दीनी बयानात देंगी।
इसी कार्यक्रम के दौरान 'जामेआतुल फै़ज़ाने ग़रीब नवाज़' का जश्न-ए-रिदा-ए-फ़ज़ीलत (छात्राओं का दीक्षांत समारोह) भी आयोजित होगा, जिसमें मेधावी छात्राओं—अमरीन फातेमा (पुत्री मो. इकबाल अहमद), यासमीन फातेमा (पुत्री अब्दुल रशीद), और शिफा फातेमा (पुत्री खुर्शीद अहमद)—को सनद प्रदान कर 'आलिमा-फाज़िला' की उपाधि से नवाजा जाएगा। इसके पश्चात शाम 7 बजे पुरुषों के लिए कुरआन ख्वानी, फातेहा व लंगर (तआम) का आयोजन होगा। रात 10 बजे महफिल-ए-नात और ठीक रात 1:58 बजे गुस्ल-ए-मज़ार-ए-अक़दस व कुल शरीफ़ की रस्म अदा की जाएगी।
19 नवंबर (गुरुवार) को रात 10 बजे मुख्य महफिल-ए-नात व तकरीर होगी। इसमें सीमांचल के मशहूर आलिम, इस्लामिया अरबी कॉलेज पूर्णिया (बिहार) के संस्थापक हज़रत अल्लामा मौलाना मुफ़्ती ज़ुबेर आलम सिद्दीक़ी बतौर मुख्य वक्ता अपना विशेष खिताब फरमाएंगे। इसके अलावा मक्का मस्जिद के पेश इमाम हज़रत अल्लामा मौलाना मुफ़्ती अल्ताफ हुसैन कासमी सक़ाफ़ी, जामेआतुल फै़ज़ाने ग़रीब नवाज़ के नाज़िम-ए-आला हज़रत अल्लामा मौलाना मुफ़्ती हिफज़ुर्रहमान कासमी और दारुल उलूम के प्रिंसिपल हज़रत अल्लामा मौलाना मुफ़्ती मोहम्मद शाहिद रज़वी कासमी भी तकरीर करेंगे।
कार्यक्रम में शायर-ए-खुसूसी के रूप में हज़रत अल्लामा मौलाना मुफ़्ती तौफ़ीक़ आलम कासमी सक़ाफ़ी अज़हरी अपने शानदार अंदाज़ में नाते-पाक पेश करेंगे। मंच संचालन नक़ीब-ए-अहले सुन्नत हज़रत अल्लामा मौलाना मोहम्मद अब्दुल मज़ीद कासमी और हज़रत मौलाना शाहरुख रज़ा संयुक्त रूप से करेंगे। अंत में सलातो-सलाम और मुफ़्ती-ए-आज़म व क़ाज़ी-ए-शरा हज़रत अल्लामा मौलाना मुफ़्ती मोहम्मद इम्तियाज़ुल कादरी कासमी की दुआ के साथ उर्स मुबारक का समापन होगा।
Continue With Google
Comments (0)